देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना फूलपुर क्षेत्र के कस्बा स्थित एक बर्तन फैक्ट्री में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 20 मार्च 2026 की शाम लगभग 7 बजे की है, जब चिमनी के धुएं को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
वादी कैलाश नाथ रुंगटा की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि नामजद अभियुक्त अपने 10-15 साथियों के साथ लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से लैस होकर फैक्ट्री में घुस आए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की और फैक्ट्री के अंदर व बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर कई लोगों को घायल कर दिया।
मामले में थाना फूलपुर पर मु0अ0सं0 103/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 29 मार्च 2026 को थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द व उ0नि0 दिनेश कुमार त्रिपाठी की टीम ने मुख्य आरोपी मनोज यादव (50 वर्ष) और उसके पुत्र अमन यादव (21 वर्ष) को उनके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
