देवल संवाददाता, आजमगढ़। मा० उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरायमीर पुलिस ने अवैध हुक्का बार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कस्बा सरायमीर क्षेत्र में स्थित रायल रेस्टोरेंट के ऊपरी तल पर चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापा मारकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, उ0नि0 विद्याकान्त सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि खरेवा मोड़ से दीदारगंज रोड पर स्थित रायल रेस्टोरेंट के दूसरे और तीसरे तल पर बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापे के दौरान रेस्टोरेंट का पहला तल बंद मिला, जबकि दूसरे तल के एक कमरे में 3 मेजों पर 6 हुक्के लगे हुए थे और कई युवक बैठकर हुक्का पी रहे थे। कमरे में धुएं और दुर्गंध का माहौल था। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी आदित्य राय उर्फ अवनीश ने बताया कि वह अपने साथी अशरफ के साथ मिलकर रेस्टोरेंट के दूसरे और तीसरे तल को किराए पर लेकर हुक्का बार चला रहा था, जबकि अन्य दोनों व्यक्ति वेटर के रूप में काम कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से 6 हुक्के, 5 पाइप, 6 चिलम, 615 ग्राम फ्लेवर युक्त तंबाकू (विदेशी ब्रांड), 3 पैकेट कोयला और अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा आरोपी आदित्य राय के पास से 480 रुपये नकद भी मिले। हुक्का बार संचालन के लिए कोई वैध दस्तावेज न दिखाने पर यह अवैध पाया गया।
इस मामले में थाना सरायमीर पर मु0अ0सं0 85/2026 के तहत धारा 223/271/272 बीएनएस एवं 4/21 सिगरेट एवं तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को रात 12:25 बजे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
आदित्य राय उर्फ अवनीश निवासी गांगेपुर थाना बिलरियागंज,
अशरफ निवासी माहूल थाना अहिरौला,
तथा मोहम्मद शबाब निवासी पुराना पवई रोड कस्बा माहूल शामिल हैं।
पुलिस टीम में उ0नि0 विद्याकान्त सिंह, कांस्टेबल सागर सिंह, हेड कांस्टेबल रजनीश सिंह और कांस्टेबल अंकुर सिंह शामिल रहे।
