आमिर, देवल ब्यूरो ,डोभी, जौनपुर। बीआरसी डोभी परिसर में ब्लॉक के समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्षों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों के प्रभावी संचालन, नामांकन व ठहराव बढ़ाने तथा शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अंजुम हुसैन, पवन कुमार व सतीश यादव ने प्रतिभागियों को विद्यालय विकास योजना तैयार करने, बच्चों के नामांकन व ठहराव बढ़ाने के उपाय, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और विद्यालय प्रबंधन समिति के अधिकारों व दायित्वों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी डोभी रमाकांत सिंह ने कहा कि विद्यालयों के समग्र विकास में प्रधानाध्यापक और एसएमसी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को विद्यालय स्तर पर लागू करने और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के साथ उनके ठहराव पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक के सभी परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व एसएमसी अध्यक्ष उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा नामांकन व ठहराव बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।