आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद, जौनपुर। आम जनता पार्टी सोशलिस्ट द्वारा होली के पावन अवसर पर जफराबाद क्षेत्र के हौज स्थित डीएवी इंटर कॉलेज परिसर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
समारोह के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज के लोगों को जोड़ने और आपसी रिश्तों में मिठास बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरण रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान के सौजन्य से दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल प्रदान की गई, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके। ट्राई साइकिल प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके अलावा कार्यक्रम में मेधावी छात्र सिद्धार्थ चौहान को क्लैट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर पार्टी की ओर से सम्मानित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एडवोकेट ओमकार चौहान, राष्ट्रीय सचिव मुद्रिका चौहान, राष्ट्रीय सलाहकार नंदलाल चौहान, प्रदेश सचिव प्रवीण सिंह, जिलाध्यक्ष सूरज चौहान, डॉ. आर.बी. चौहान (कमला हॉस्पिटल), ग्राम प्रधान महमदपुर जोगेंद्र चौहान, प्रेमचंद चौहान, बृजपाल चौहान, संतराम चौहान, उपेन्द्र चौहान, चंदन चौहान (प्रधान), डीएवी कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य अरविंद चौहान, डॉ. रामधनी चौहान, दीपक चौहान, दिनेश चौहान, विजय चौहान, सुशील चौहान, सुभाष पासी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने का संकल्प लिया।