आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में महिला थाना की एंटी रोमियो टीम द्वारा मिशन शक्ति फेज–5 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी रहीं। इस दौरान महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्यामा तिवारी के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी और उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी। इनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वीमेन हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर शामिल हैं। टीम ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं इन नंबरों पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
सीमा द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, खेल, विज्ञान, राजनीति और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और अपने गांव, जनपद तथा देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में बिना डर के पुलिस से संपर्क करें।
इस अवसर पर जान्हवी श्रीवास्तव, शोभना श्रीवास्तव, विमला श्रीवास्तव, राखी सिंह, सुमन यादव, भानुमती सहित विश्वविद्यालय की छात्राएं व अन्य महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।