आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क में लगी संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर किसी शरारती तत्व द्वारा काला रंग लगाए जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर तिराहे पर एकत्र हो गए और घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सुबह जब लोगों की नजर अंबेडकर पार्क में स्थापित बाबा साहब की मूर्ति पर पड़ी तो उस पर काला रंग लगा हुआ दिखाई दिया। यह खबर तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खुद आगे बढ़कर मूर्ति पर लगे रंग को पानी से धोकर साफ कराया। उनके साथ मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। कुछ ही देर में मूर्ति को पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिसके बाद लोगों में नाराजगी कुछ हद तक कम हुई।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो।