आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बाजार में जिलापूर्ति विभाग की टीम ने अवैध रूप से जमा किए गए घरेलू गैस सिलेंडरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापे के दौरान एक गोदाम से करीब 60 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और आसपास के व्यापारियों में भी हलचल देखी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलापूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही को सूचना मिली थी कि कल्याणपुर बाजार में कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर उनकी कालाबाजारी कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर गोपनीय तरीके से जांच शुरू की।
जांच के दौरान टीम को एक गोदाम में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर संदिग्ध स्थिति में रखे हुए मिले। जब अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से सिलेंडरों के संबंध में कागजात और वैध दस्तावेज मांगे तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए गोदाम में रखे करीब 60 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त कर लिए।
बताया जा रहा है कि बरामद सिलेंडर तीन अलग-अलग गैस कंपनियों के थे, जिन्हें घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित किया गया था। अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर सील कर दिया और उन्हें सुरक्षित रूप से विभागीय गोदाम में भिजवा दिया।
जिलापूर्ति विभाग की इस कार्रवाई के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ भी जुट गई। अचानक हुई छापेमारी से बाजार के कई व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
जिलापूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही संबंधित संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।