देवल, ब्यूरो चीफ,पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज फखर जमान, तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा ने लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच पाकिस्तान सुपर लीग के मैच के दौरान गेंद से छेड़खानी के आरोपों को खारिज किया है। फखर को मैच रेफरी रोशन महानामा ने पीएसएल की खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आचार संहिता की धारा 2.14 के तहत लेवल तीन के अपराध का दोषी पाया था।
जमान को पीएसएल के अनुच्छेद 41.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया। यह अनुच्छेद गेंद की स्थिति को बदलने वाली किसी भी हरकत पर रोक लगाता है। श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर के सामने पेश होकर जमान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इन्कार किया। यह आरोप कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले का है जब उन्हें जीत के लिए 14 रन की जरूरत थी। फखर को हारिस रऊफ और लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी से बात करते देखा गया। इसके बाद अंपायर फैसल अफरीदी ने गेंद मांगी और उसे देखने के बाद पाया कि इससे छेड़छाड़ की गई है।
अगले 48 घंटों में होगा फैसला
मैच रेफरी अगले 48 घंटे में फिर सुनवाई के बाद फैसला सुनाएंगे। अंपायर ने गेंद से छेड़छाड़ के लिए लाहौर कलंदर्स पर पांच रन का जुर्माना लगाया जिससे कराची को आखिरी ओवर में नौ रन ही चाहिए थे जो उन्होने बना लिए। अगर मैच रेफरी इस बात की पुष्टि कर देते हैं कि गेंद के साथ छेड़छाड़ की गई थी तो फखर और शायद लाहौर कलंदर्स की पूरी टीम को गंभीर सजा का सामना करना पड़ सकता है।
अफरीदी-रजा ने होटल का सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ा
पाकिस्तान सुपर लीग की लाहौर कलंदर्स टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी और विदेशी खिलाड़ी सिकंदर रजा को उनके होटल का टीम सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़ने का दोषी पाया गया है। मोहम्मद फैसल (लाहौर डीआईजी ,आपरेशंस) ने पीएसएल के सीईओ को बताया कि शहर के पांच सितारा होटल में जहां आठ टीमें ठहरी हैं, सुरक्षा प्रोटोकॉल का गंभीर उल्लंघन हुआ है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूर्व चेतावनी और मनाही के बावजूद शाहीन और सिकंदर ने रजा के आठवें माले स्थित कमरे में रात डेढ़ बजे तक चार मेहमानों की मेजबानी की। लाहौर कलंदर्स के मीडिया अधिकारी ने रजा के कमरे में 10.35 तक और फिर रात 11 बजे तक मेहमानों के रहने की अनुमति मांगी थी लेकिन दोनों खारिज कर दी गई थी। इसके बाद टीम के मालिक ने पीएसएल सीईओ सलमान नसीर से यही अनुरोध किया था जो सुरक्षा कारणों से खारिज कर दिया गया था। इसके बावजूद चार मेहमान रजा के कमरे में गए और रात डेढ़ बजे तक रूके।
