देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना बरदह क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट के नाम पर ट्रक का नंबर बदलकर 253 कुंतल चावल बेच देने के मामले में थाना बरदह पुलिस द्वारा अन्तरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण किया गया है।
दिनांक 29.01.2026 को वादी नन्दलाल गुप्ता पुत्र कुबेर गुप्ता निवासी ग्राम बरदह जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना बरदह पर सूचना दी गई कि उनकी फर्म राहुल ट्रेडिंग कम्पनी से दिनांक 29.11.2025 को ट्रक संख्या UP65FT-1322 पर 253 कुंतल चावल (मूल्य ₹7,08,400) कृष्णा उद्योग, जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया दुर्ग (छत्तीसगढ़) भेजा गया था, जो गंतव्य तक नहीं पहुंचा। पूछताछ करने पर ट्रांसपोर्टर द्वारा संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई। इस संबंध में थाना बरदह पर मु0अ0सं0 32/26 धारा 316(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में दिनांक 30.03.2026 को उ0नि0 रितेश खरवार मय पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम पारा गेट के पास से देवगांव की ओर से आ रहे ट्रक संख्या UP65FT1322 को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक की पहचान वादी द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटो से मिलान करने पर उसकी पहचान रामाकान्त यादव उर्फ मेघू यादव पुत्र विजय कुमार यादव निवासी ग्राम घोघवा रामपुर थाना खानपुर जनपद गाजीपुर के रूप में हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से बेचे गए माल से प्राप्त शेष ₹15,000 नगद बरामद किए गए तथा घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में लिया गया। विवेचना के दौरान धारा 316(2) बीएनएस का लोप करते हुए धारा 341(2), 303(2), 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि उसने अपने ट्रक का वास्तविक नंबर UP65ET8991 होने के बावजूद योजना बनाकर फर्जी नंबर UP65FT1322 लगाकर 253 कुंतल चावल रास्ते में एक दलाल को लगभग साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया। प्राप्त धनराशि से उसने ट्रक की मरम्मत, किस्त भुगतान एवं अन्य खर्च किए।
