देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र के तकिया इलाके में होलिका जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले सात अराजकतत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें कुछ युवक बेल्ट निकालकर हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस के अनुसार 3 मार्च को तकिया क्षेत्र में होलिका जुलूस के दौरान कुछ अराजकतत्वों ने बेल्ट निकालकर हंगामा किया और माहौल खराब करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने फोटो और वीडियो का गहन परीक्षण कर आरोपितों की पहचान शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम, जुलूस अथवा त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तकिया में होलिका जुलूस को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले 07 अराजकतत्व गिरफ्तार
मार्च 06, 2026
0
Tags