आमिर, देवल ब्यूरो ,जफराबाद। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित जनपदीय निबंध प्रतियोगिता में एलएसएस नेशनल पब्लिक स्कूल, नरौली के छात्र संदेश यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उन्होंने अपनी सशक्त लेखनी और तार्किक विचारों के बल पर हासिल की।
यह निबंध प्रतियोगिता जिला विज्ञान क्लब जौनपुर के तत्वावधान में सहकारी इंटर कॉलेज, मिहरावां में आयोजित अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत संपन्न हुई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा समाज में व्याप्त अंधविश्वास के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
संदेश यादव ने विषय पर तथ्यों, वैज्ञानिक तर्कों और समाज सुधारक दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया, जिसके फलस्वरूप उन्हें जनपद स्तर पर तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार यादव एवं विवेक कुमार सिंह ने संदेश यादव को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
छात्र की इस सफलता पर एलएसएस नेशनल पब्लिक स्कूल की प्रबंधक श्रीमती उषा सिंह एवं प्रधानाचार्य शिवमिलन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संदेश यादव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्र की मेहनत का परिणाम है तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।