आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के तहसील केराकत क्षेत्र से अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। भारत स्काउट एवं गाइड संगठन के वरिष्ठ ट्रेनिंग काउंसलर (टी.सी.) श्री ज्ञानचन्द चौहान का मोटरसाइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही स्काउट-गाइड परिवार, शिक्षक समुदाय तथा विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि श्री चौहान मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका असमय निधन शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
श्री ज्ञानचन्द चौहान लंबे समय से तहसील केराकत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में स्काउट एवं गाइड का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे थे। वे अपने कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। उनके मार्गदर्शन में बयालसी महाविद्यालय, जलालपुर के अनेक छात्र-छात्राओं ने जिला, प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर स्काउट-गाइड गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
उनके निधन के उपरांत बयालसी महाविद्यालय, जलालपुर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलकेश्वरी सिंह के नेतृत्व में समस्त प्राध्यापकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कार्यों को याद करते हुए कहा कि श्री चौहान का जीवन अनुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को समर्पित था।
महाविद्यालय परिवार सहित स्काउट-गाइड संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें।