आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर,जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर नाला के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब रेलवे परियोजना के लिए मिट्टी ढो रहे तेज रफ्तार डम्फर ने सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरे पानी भरे नाले में पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केराकत क्षेत्र के उदयचंदपुर निवासी संजीव कुमार अपने ससुर हीरालाल (70) को आंख के इलाज के लिए सरकारी लीलावती अस्पताल लेकर गए थे। इलाज के बाद वे ऑटो रिक्शा से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो शिवपुर नाला के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे मिट्टी लदे डम्फर ने तेज गति में ऑटो को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ऑटो नाले में जा गिरा। ऑटो में सवार हीरालाल पानी में गिरकर बेहोश हो गए। वहीं ऑटो चालक भोलेनाथ और संजीव कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में ही चालक और संजीव ने स्थानीय लोगों की मदद से बुजुर्ग को नाले से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मनोज कुमार ने जांच के बाद हीरालाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे परियोजना में लगे डम्फर चालक आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे सड़क पर चलना खतरे से खाली नहीं है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे कार्य में लगे भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और लापरवाह चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।