देवल संवाददाता, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और जनपद प्रभारी अनिल राजभर ने जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए केंद्र सरकार के बजट का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नौवीं बार बजट संसद में पेश किया, जिसे प्रतिपक्ष छोड़कर पूरा देश उत्साह के साथ देख रहा है। राजभर ने कहा कि यह बजट हेडलाइन्स के लिए नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की डेडलाइन के लिए तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि बजट में आर्थिक विकास, गरीब कल्याण, किसान आत्मनिर्भरता, युवाओं को अवसर, महिला सशक्तिकरण और एमएसएमई को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे युवाओं के जीवन में उम्मीद का चिराग रोशन होगा और ग्रामीण क्षेत्र भी विकसित होंगे।
राजभर ने यह भी कहा कि सरकार ने निर्यात पर ध्यान दिया है और यूरोपीय संघ के साथ नई ट्रेड डील और अमेरिका से 18% टैरिफ आधारित समझौते जैसे कदम अर्थव्यवस्था के लिए दूरगामी परिणाम देंगे। उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और मोदी सरकार का लक्ष्य 2027 तक तीसरे नंबर पर पहुँचना है।
उन्होंने बजट में स्वास्थ्य सेवाओं में 50% वृद्धि, हर जिले में ट्रामा सेंटर और मातृशक्ति के लिए हॉस्टल, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, जलमार्ग विकास और बनारस में शिप रिपेयर सेंटर की घोषणाओं का भी स्वागत किया। राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उत्तर प्रदेश को विशेष सौगात देने के लिए अभिनंदन किया।