देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने चोरी की कार के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान गुरुलाल पुत्र केवल सिंह निवासी ग्राम नत्थूपुर थाना चोला जनपद तरनतारन, बोलजोत सिंह पुत्र केवल सिंह निवासी ग्राम नत्थूपुर थाना चोला जनपद तरनतारन, जर्मनजोत सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी ग्राम सरलानी माण्डा थाना सिटी पट्टी जिला तरनतारन, सिकन्दरजीत सिंह पुत्र सेवा सिंह निवासी ग्राम सरलानी माण्डा थाना सिटी पट्टी जिला तरनतारन, जोवनजीत सिंह पुत्र बगीचा सिंह निवासी ग्राम सरलानी माण्डा थाना सिटी पट्टी जिला तरनतारन पंजाब के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि क्षेत्र के खोखरी पुलिया (रेलवे साइडिंग) के पास चोरी की कार के साथ पांच युवक मौजूद हैं। सभी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर जा पहुंची और घेराबंदी कर सभी को धर दबोचा। बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने बताया है कि वे सभी घूम फिर कर काम करते है तथा मौका पाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इससे पूर्व में भी सभी आरोपी चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं। सभी काम की तलाश में बैढ़न से शक्तिनगर आए। इस दौरान एक कार को चोरी कर लिया।
