आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक, जौनपुर। औड़िहार–जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित ज्ञापन भेजकर शीघ्र समाधान की अपील की।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने रेलमंत्री को अवगत कराया कि औड़िहार–जौनपुर रेल प्रखंड पर पूरनपुर गांव के सामने से रेल लाइन पार कर आधा दर्जन से अधिक गांवों की दसों हजार की आबादी दशकों से अपनी रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए चंदवक बाजार आती-जाती रही है। आवागमन की सुविधा को देखते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा रेलवे लाइन के दोनों ओर पिच मार्ग का निर्माण भी कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त रेल प्रखंड के दोहरीकरण कार्य के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा आवागमन को धीरे-धीरे अवरुद्ध किया जाने लगा। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब दो दिन पूर्व रेलवे की ओर से दोनों तरफ लोहे का गार्डर लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों, मरीजों तथा व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की यह मांग पूरी तरह जायज है और समस्या के समाधान के लिए पूर्वांचल किसान संगठन ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से भी रेलमंत्री को ज्ञापन देकर अंडरपास निर्माण की मांग की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
प्रदर्शन में राम जनक पाठक, हरेंद्र सिंह सोनू, संजय सिंह, आलोक कुमार सिंह, गुड्डू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।