देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। नगर स्थित पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज में बुधवार को वार्षिक खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने विशिष्ट अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के संरक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह रहे।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, बैडमिंटन, रस्सीकूद, कुर्सी दौड़ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वादन, गायन, नृत्य, पेंटिंग व लोकगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली कक्षा 11 की छात्राएं विनती तिवारी व नंदिनी मौर्या, स्काउट एंड गाइड में राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त साक्षी दूबे तथा शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अनामिका, मीनाक्षी, प्रतिष्ठा तिवारी, महिमा, सरस्वती, ज्योति व आकांक्षा को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
