देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। बभनी थाना पुलिस ने वध के लिए ले जाए जा रहे चार गोवंशों को सकुशल बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बाबूलाल अगरिया पुत्र केश्वर अगरिया उम्र 51 वर्ष निवासी ग्राम चकबगदरी सानी थाना बभनी के रूप में की गई है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गोवंशों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के कम में बभनी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी बाबूलाल अगरिया चार गोवंशों को वध के लिए जंगली रास्ते से ले जा रहा था। आरोपी के साथ दो अन्य लोग भी थे, जो पुलिस को देखकर मौके पर ही अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी बाबू लाल अगरिया को गिरफ्तार कर लिया
है। थानाध्यक्ष दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दो बैल, एक गाय व एक बछिया को लेकर जंगली रास्ते से जा रहा था। मौके से फरार हुए दो अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कानून के हवाले कर दिया जाएगा। मौके पर प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उप निरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, रामअशीष यादव आदि मौजूद रहे।
