देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में व्यापक एवं प्रभावी जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, सतर्कता एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डा चारु द्विवेदी के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को महिला उत्पीड़न से बचाव, गुड टच-बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपायों, साइबर अपराध के नवीन तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में सरल, प्रभावी एवं संवादात्मक तरीके से जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से यह बताया गया कि साइबर अपराधी अक्सर डर, लालच एवं झूठे प्रलोभनों के माध्यम से लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं। अतः किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, संदेश अथवा ओटीपी को साझा न करने तथा किसी भी शंका की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। साथ ही मिशन शक्ति की टीम ने खासकर महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों मसलन 112 आपातकालीन सेवा, 1090, 1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
