देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भाजपा जिला कार्यालय पर बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनायी गई। इस अवसर पर भाजपाईयों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नागेश्वर देव पांडेय, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्षा रुबी प्रसाद व भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल ने संयुक्त रूप से कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रमुख राजनीतिक चिंतक, अर्थशास्त्री और भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में से थे। वे अपने दार्शनिक सिद्धांत एकात्म मानव दर्शन के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनकी विचारधारा का मूल आधार यह था कि विकास केवल भौतिक प्रगति तक सीमित न रहकर भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच संतुलन और सामंजस्य पर जोर दिया। उनके अनुसार, आर्थिक नीतियों का लक्ष्य केवल उत्पादन और उपभोग बढ़ाना नहीं, बल्कि मानव के समग्र विकास को सुनिश्चित करना होना चाहिए। वे 1968 में अपने असामयिक निधन तक भारतीय जनसंघ का नेतृत्व करते रहे। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का विकास ही राष्ट्र का विकास है दीनदयाल जी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा श्रोत बने रहेंगे। मौके पर जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दूबे, उदयनाथ मौर्या, जिला महामंत्री रामसुन्दर निषाद, कृष्णमुरारी गुप्ता, सरजू बैसवार, नागेश्वर गोंड, सत्येन्द्र आर्य, रजनीश रघुवंशी, बलराम सोनी, अमरेश चेरो, महेश्वर चन्द्रवंशी, बृजेश श्रीवास्तव, प्रसन्न पटेल आदि मौजूद रहे।
