आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) केके राय एवं फार्मासिस्ट राजेश सिंह 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर जिला अस्पताल परिसर में एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रभात सिंह ने कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होना किसी भी कर्मचारी के जीवन का सबसे कठिन और भावुक क्षण होता है। सार्वजनिक जीवन में रहकर लोगों की सेवा करना अपने आप में एक संतोष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि केके राय और राजेश सिंह द्वारा विभाग को दी गई सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी और उनकी कमी सभी को खलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जब भी विभाग को मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी, उनके अनुभव का लाभ अवश्य लिया जाएगा।
इस अवसर पर सीएमएस केके राय एवं फार्मासिस्ट राजेश सिंह को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्रम एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर दोनों की आंखें नम हो गईं और माहौल भावुक हो उठा, जिसे देखकर उपस्थित सभी लोगों की आंखें छलक पड़ीं।
कार्यक्रम के अंत में अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल के सीएमएस पद का कार्यभार औपचारिक रूप से डॉ. संजय कन्नौजिया को सौंपा गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।