कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।समाज, शिक्षा और युवाओं के मनोबल को नई दिशा देने वाली प्रेरक पॉकेट बुक “सपनों की उड़ान” अब पाठकों के लिए उपलब्ध हो चुकी है । यह पुस्तक प्रसिद्ध शिक्षक, साहित्यकार एवं मोटिवेशनल लेखक डॉ० तारकेश्वर मिश्र ‘जिज्ञासु’ द्वारा संकलित एवं संपादित की गई है । पुस्तक का प्रकाशन प्रतिष्ठित संस्थान हम रंग प्रकाशन बिहार द्वारा किया गया है ।
“सपनों की उड़ान” विशेष रूप से विद्यार्थियों , प्रतियोगी परीक्षार्थियों, अभिभावकों तथा मानसिक तनाव से जूझ रहे युवाओं के लिए तैयार की गई है । इसमें चुनिंदा मोटिवेशनल शायरी , प्रेरक विचार , जीवन-सूत्र और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने वाले संदेश संकलित हैं। यह पॉकेट बुक अपने छोटे आकार के बावजूद गहन संदेश समेटे हुए है , जिसे कहीं भी पढ़ा जा सकता है ।
डॉ० तारकेश्वर मिश्र ‘जिज्ञासु’ ने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास , धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करना है । साथ ही यह अभिभावकों को भी बच्चों के साथ संवेदनशील संवाद स्थापित करने की प्रेरणा देती है ।
पुस्तक की भाषा सरल , प्रवाहपूर्ण और प्रभावी है , जिससे हर आयु वर्ग के पाठक इससे जुड़ाव महसूस कर सकते हैं । साहित्य प्रेमियों और शिक्षण संस्थानों के लिए यह पुस्तक विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है ।