देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। विकास खंड चोपन के बैरपुर टोला टेढ़ीतेन में मनरेगा के कार्यो में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि सूचना देने से नाराज ग्राम प्रधान पक्ष के लोगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया और जान से मारने की नीयत से हमला किया।
पीड़ित आशीष पुत्र लल्लन निवासी बैरपुर टोला टेढ़ीतेन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई द्वारा मनरेगा के कार्यों में हो रहे भ्रष्टाचार की सूचना संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बाद ग्राम प्रधान सुमन पत्नी सुनील उर्फ सुरेन्द्र कुमार ने 25 फरवरी 2026 को लगभग 35 लोगों के साथ उसके घर पर पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि समूह में शामिल कुछ लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, जब उसने परिवार के लोगों को सुरक्षित घर के अंदर करने का प्रयास किया, उसी दौरान ओमप्रकाश विश्वकर्मा ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीछे से चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट आई। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को थाने में तहरीर देने की सलाह दी। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराने तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो मामला और गंभीर हो सकता है।
