देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद दौरे पर गुरूवार को आईं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, किट एवं अन्य सामग्री वितरित कीं। इस दौरान 200 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल किट, 200 लाभार्थियों को पोषण पोटली, 500 आयुष्मान कार्ड, 50 वनाधिकार पट्टा, मुख्यमंत्री आवास योजना के 10 स्वीकृति-पत्र, प्रधानमंत्री सूर्य योजना के 10 व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के 10 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 2 मोटराइज्ड दोना मशीन वितरित की गईं तथा 10 अनाथ बालिकाओं को 1100-1100 के चेक दिए गए। 2 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर बल देते हुए कहा कि सभी केंद्रों तक आवश्यक किट पहुंचे। प्रत्येक किट में कुर्सी, साइकिल सहित 22-23 प्रकार की सामग्री बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए दी जाती है। राजस्व विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि खतौनी से संबंधित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर विवादों का समाधान करें, ताकि भूमिधरों को समय से मालिकाना हक मिल सके। भूमि संबंधी मामलों में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को तत्पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित कीं। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री सूर्य घर योजना की सराहना करते हुए जनपद के प्रत्येक घर पर सोलर पैनल स्थापित कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वामित्व कार्ड
योजना के अंतर्गत पति-पत्नी दोनों के नाम पर संपत्ति दर्ज करने की बात कही, जिससे महिलाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित हो।
