देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 26 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को पीड़ित पक्ष द्वारा थाना फूलपुर में लिखित शिकायत दी गई थी कि उनकी बहन को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाकर ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 13/26 धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान इस्माइल पुत्र स्व. रईस अहमद, निवासी मोहल्ला चन्द्रशेखर आजाद नगर (बाड़ा), कस्बा फूलपुर के रूप में हुई।
गिरफ्तारी के दिन वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग में लगे थे। इसी दौरान खास मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर कस्बा फूलपुर स्थित रेलवे अंडरपास के नीचे से अभियुक्त को सुबह करीब 10:55 बजे हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार थाने लाया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध दर्ज मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद के साथ कांस्टेबल अरविंद तिवारी और कांस्टेबल इरफान शामिल रहे। फूलपुर पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।