देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखुपुर में सो रहे व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 22 फरवरी 2026 की रात की बताई जा रही है। घायल की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता शशिकला पत्नी बच्चेलाल निवासी ग्राम शेखुपुर, पोस्ट रसूलपुर ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 11 बजे उनके पति बच्चेलाल पुत्र श्याम नारायण घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राजेंद्र, रविंद्र, बाबूलाल (पुत्रगण श्याम नारायण) और किशन पुत्र बाबूलाल वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे बच्चेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल का इलाज फिलहाल Global Hospital Azamgarh में चल रहा है, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शशिकला का आरोप है कि नामजद आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और गांव के एक अन्य व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में जेल जा चुके हैं। हाल ही में जमानत पर रिहा होने के बाद वे फिर से धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी खुद को चोट पहुंचाकर उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच सकते हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जी रहा है। घटना के समय घर में केवल शशिकला और उनकी नाबालिग पुत्री मौजूद थीं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।