आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बुधवार को सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्दीपुर स्थित राजकीय आईटीआई गेट के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव देखे जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने शव को नियमानुसार 72 घंटे के लिए जिला मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि इस दौरान मृतक की पहचान कराई जा सके।
इस संबंध में थाना प्रभारी अमरिंदर पांडेय ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौके से मृतक के पास एक नमकीन का पैकेट मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की हिंसा के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव मिलने की खबर से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के थानों में भी सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि शीघ्र ही घटना के रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।