आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे (एनएच) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिवगुलामगंज चपरामऊ गांव के पास सुबह करीब आठ बजे डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की टक्कर में ट्रैक्टर चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक रमेश अगरीया और उसके साथ ट्रॉली पर सवार मजदूर सहदेव ईंट लेकर बदलापुर क्षेत्र से जौनपुर की ओर जा रहे थे। उसी दिशा में पीछे से आ रही डीसीएम (संख्या जीजे 01 एलटी 6582) ने चपरामऊ गांव के पास तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा में मुड़ गया और ट्रॉली पर लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। हादसे में डीसीएम भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वां भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं डीसीएम चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को संभालते हुए बक्शा पुलिस के हेड कांस्टेबल उपेंद्र कुमार और सत्येंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया तथा सड़क से बिखरी ईंटें हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने डीसीएम और ट्रैक्टर-ट्रॉली दोनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घायल रमेश अगरीया और सहदेव एमपी एट ईंट उद्योग, मुरादपुर कोटिला, बदलापुर के भट्टे पर काम करते हैं और ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंटों की ढुलाई कर रहे थे। मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।