आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव निवासी शिवम सिंह पुत्र सुभाष सिंह ने अपने ऊपर दर्ज एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे को निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए पुलिस अधीक्षक जौनपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिवम सिंह का आरोप है कि उन्हें आपसी रंजिश के चलते झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उनका कहना है कि पूर्व में दर्ज कराए गए मामले में तथ्यों की सही तरीके से जांच नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें बेवजह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि उनका घटना से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि पूरे प्रकरण की दोबारा निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और निर्दोष व्यक्ति को न्याय मिल सके। शिवम सिंह ने यह भी कहा कि यदि मामले की सही तरीके से जांच की जाए तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें पुलिस और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि दोबारा जांच के बाद उन्हें न्याय मिलेगा।