आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में विभिन्न स्थानों पर मतदाता सूची से जाति विशेष के लोगों के नाम काटे जाने की सूचना को लेकर कांग्रेस पार्टी में आक्रोश देखने को मिला। इसी क्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी जौनपुर से मिला और तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जिले के कई स्थानों पर भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं द्वारा बीएलओ पर दबाव बनाकर जाति विशेष और गैर-भाजपाई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. प्रमोद सिंह ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की निष्पक्षता प्रभावित होती दिखाई दे रही है। उनका आरोप था कि योजनाबद्ध तरीके से फार्म-7 भरवाकर खास वर्ग और गैर-भाजपाई मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है तथा सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं द्वारा बीएलओ पर दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सकें और मतदाताओं के अधिकारों का संरक्षण हो।
इस मौके पर शहर अध्यक्ष आरिफ खान, सत्यवीर सिंह, राकेश सिंह ‘डब्बू’, इरशाद खान, जयप्रकाश मिश्रा, आरिफ सलमानी, जय मंगल यादव, अनिल सोनकर, होजैफा खान, अधिवक्ता शैलेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।