आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, जफराबाद। जलालपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोडरी फाटक के पास बने अवैध कट के कारण सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। अचानक कार मोड़े जाने से तीन वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालपुर क्षेत्र के लोहगाजर गांव निवासी करमवीर सिंह अपनी क्रेटा कार से जलालपुर की ओर से जौनपुर जा रहे थे। जैसे ही वह कोडरी फाटक के पास पहुंचे, वहां बने अवैध कट से उन्होंने अचानक कार मोड़ दी। उसी दौरान जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने कार के अगले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
बस की टक्कर से क्रेटा कार पीछे की ओर खिसक गई। तभी वाराणसी से जौनपुर की ओर आ रही एक बोलेरो कार भी उससे आ टकराई, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। दुर्घटना में क्रेटा चालक करमवीर सिंह के अलावा बोलेरो सवार मनोज कुमार, उनकी पत्नी अनिता देवी तथा उनके बच्चे साक्षी और अंकित कुमार घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थानाप्रभारी गजानंद चौबे एसआई मोहम्मद शहनवाज और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी भिजवाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
दुर्घटना के कारण कुछ देर तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। थानाप्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि अवैध कट पर अचानक कार मोड़े जाने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।