आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मोहम्मद हसन कॉलेज ग्राउंड में आयोजित जौनपुर प्रीमियम लीग (जे.पी.एल.) क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-1 का खिताब ए.एम. सनबीम जौनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। खेले गए फाइनल मुकाबले में सनबीम की टीम ने एस.एस.सी. को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एस.एस.सी. टीम सनबीम के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और मात्र 28 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। सनबीम जौनपुर की ओर से शुभम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि नमन ने 2 विकेट लेकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई।
29 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ए.एम. सनबीम जौनपुर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ पांचवें ओवर में ही एक विकेट खोकर 29 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। नमन ने नाबाद 17 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 2 लाख रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता एस.एस.सी. टीम को शीशे की ट्रॉफी और 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए शुभम को बेस्ट बॉलर, जबकि दीपक को बेस्ट बैटर का खिताब मिला। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार नमन सिंह आदर्श को दिया गया।
मैच रेफरी और थर्ड अंपायर की जिम्मेदारी शौजब हुसैन ने निभाई, जबकि मैदानी अंपायर के रूप में रवि मिश्रा (देवरिया) और अखिलेश शर्मा (बलिया) मौजूद रहे। कमेंट्री की भूमिका तालिब सिद्दीकी और सलमान शेख ने निभाई, जिन्होंने पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह बनाए रखा।
टूर्नामेंट के आयोजक अबुजर खान, हैप्पी साबिर, अजमल और जुल्फिकार अली रहे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विमलेश जी, लक्ष्य गुप्ता और जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह तथा स्पेशल गेस्ट के रूप में मनोज अग्रहरि मौजूद रहे।
पांच दिनों तक चला यह टूर्नामेंट जौनपुर में चर्चा का विषय बना रहा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों का हुजूम उमड़ा और हर मुकाबले में रोमांच बना रहा। सभी मैचों का लाइव प्रसारण किया गया, साथ ही थर्ड अंपायर और डीआरएस की सुविधा भी उपलब्ध रही, जिसका खिलाड़ियों ने भरपूर उपयोग किया।
अंत में मुख्य आयोजक अबुजर खान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत और धन्यवाद किया।