आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, जफराबाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुतलूपुर गांव में सोमवार की भोर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 22 वर्षीय युवती ने बीमारी से परेशान होकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतलूपुर (गोंडाखास) गांव निवासी राजेश उर्फ मुन्ना की पुत्री लता की शादी बीते वर्ष जून माह में हुई थी। बताया जा रहा है कि लता कई वर्षों से किडनी से संबंधित गंभीर बीमारी से जूझ रही थी, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान रहती थी। सोमवार की भोर में वह घर से निकली और पास से गुजर रही ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सुबह जब गांव के लोग शौच के लिए बाहर निकले, तो उनकी नजर रेलवे ट्रैक के पास पड़े क्षत-विक्षत शव पर पड़ी। पहचान होने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना जफराबाद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच-पड़ताल कर रही है।