आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना जफराबाद क्षेत्र के प्रकाश ग्लोबल स्कूल, जगदीशपुर में आयोजित सी-टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की प्रथम पाली में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रही एक महिला को बायोमेट्रिक मिसमैच के दौरान पकड़ लिया गया। मामले की जानकारी होते ही केंद्र प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष जफराबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि प्रकाश ग्लोबल स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक जांच के दौरान पहचान मेल नहीं खा रही है। जांच में सामने आया कि वंदना कुमारी पुत्री राजमणि, निवासी ग्राम काशीपुर, पोस्ट मोलनापुर (अमरगढ़), जिला प्रतापगढ़, जौनपुर की रहने वाली कु. नीलम यादव पुत्री संतलाल, निवासी ग्राम घनश्यामपुर के स्थान पर परीक्षा दे रही थी।
बायोमेट्रिक मिसमैच होने पर कॉलेज प्रशासन ने तत्काल महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना जफराबाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की और दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
इस संबंध में थाना जफराबाद में वंदना कुमारी और कु. नीलम यादव के विरुद्ध मु0अ0सं0-27/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और परीक्षा में फर्जीवाड़े के इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।