देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुझ्या मकदूमपुर में बकाया विद्युत बिल की वसूली के दौरान एक विद्युत कर्मी को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित विद्युत कर्मी शिवम दूबे ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम दूबे पुत्र प्रेम प्रकाश दूबे, निवासी मोहल्ला हुसेनाबाद, 33/11 केवी दत्तात्रेय पावर हाउस पर विद्युत कर्मी के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने सहकर्मियों के साथ उच्चाधिकारियों के निर्देश पर निजामाबाद फीडर क्षेत्र में वाणिज्यिक कनेक्शनों के बकाया बिल जमा कराने का कार्य कर रहे थे। इसी क्रम में ग्राम मुझ्या मकदूमपुर निवासी अनिल सिंह के मुर्गी फार्म पर ₹45,110 रुपये का बकाया विद्युत बिल था। पूर्व सूचना के बावजूद बिल जमा न किए जाने पर विभागीय निर्देशानुसार विद्युत कनेक्शन अस्थायी रूप से काट दिया गया। आरोप है कि इससे नाराज़ होकर दिनांक 28 जनवरी 2026 को शाम करीब साढ़े चार बजे अनिल सिंह ने शिवम दूबे को जान से मारने की धमकी दी, भद्दी गाली-गलौज की और उनकी दुकान पर आकर मोबाइल फोन छीनने का प्रयास भी किया। पीड़ित ने इस संबंध में निजामाबाद थाना प्रभारी से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। अब पीड़ित विद्युत कर्मी ने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।