देवल संवाददाता, आज़मगढ़। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ममता कुमारी ने आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपद आजमगढ़, मऊ एवं बलियासे आई महिलाओं की जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
ममता कुमारी ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं से जुड़ी योजनाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने पुलिस विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं को शाम के समय थाने न बुलाया जाए और जरूरत पड़ने पर महिला पुलिसकर्मी के साथ ही घर पर संपर्क किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित किया जाए और कोर्ट के आदेशों का प्राथमिकता से अनुपालन सुनिश्चित हो।
माननीय सदस्य ने बाल विवाह रोकने, ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने तथा महिलाओं को मानसिक परामर्श व कौशल प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। बैठक से पूर्व उन्होंने जिला कारागार का निरीक्षण कर महिला बंदियों को शिक्षा व स्किल डेवलपमेंट से जोड़ने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थानों से जुड़े कई प्रकरणों को सुनते हुए पुलिस व राजस्व विभाग को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर समाधान कराने को कहा गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण कराया जाएगा।
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।