देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में चल रही SIR प्रक्रिया को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी ने सत्ता पक्ष पर बूथ लेवल अधिकारियों को डराने-धमकाने और जबरन फॉर्म-7 पर दस्तखत कराकर वोट कटवाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर सपा का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से यह सामने आया कि SIR प्रक्रिया के दौरान भाजपा समर्थित लोग बूथ लेवल अधिकारियों पर दबाव बनाकर फॉर्म-7 पर जबरन हस्ताक्षर करवा रहे हैं। कहीं अधिकारियों ने इनकार किया, तो कहीं कथित रूप से जबरदस्ती दस्तखत कराकर फॉर्म को ऑनलाइन किया जा रहा है। आरोप है कि इसके जरिए समाजवादी पार्टी समर्थकों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कटवाने की कोशिश की जा रही है।
इसी घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक अखिलेश यादव, विधायक पूजा सरोज, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव तथा यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष जोरार खान शामिल रहे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में मतदाता भी पहुंचे, जिनके नाम कटने की आशंका जताई गई।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग की मदद से घोर बेईमानी पर उतारू है। ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद जब उन्हें अपने वोट कम दिखे, तो साजिश के तहत फॉर्म-7 के जरिए बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नियम विरुद्ध और जबरदस्ती किए जा रहे किसी भी कार्य को बर्दाश्त नहीं करेगी।