देवल संवाददाता, लखनऊ।राजधानी लखनऊ में देश भर से आए बसपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि ऐसे लोग जो थोड़े से स्वार्थ के लिए बिक गए हैं। ऐसे बिकाऊ और गुलाम मानसिकता के लोगों को बहुजन समाज कभी माफ नहीं करेगा। ये लोग बीएसपी के कारण ही आगे बढ़े हैं। ऐसे लोग जब बसपा के नहीं हुए समाज के कैसे हो सकते हैं।
रविवार को राजधानी के माल एवेन्यू स्थित बसपा कार्यालय में हुई बैठक में 19 दिसंबर को हुई बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों की राज्यवार प्रगति रिपोर्ट ली गई और कार्यकर्ताओं से तन, मन और धन से पार्टी को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
मायावती ने कहा कि विपक्षी पार्टियां और उनकी सरकारें अपनी गरीब, किसान, बहुजन विरोधी और संकीर्ण नीतियों व भ्रष्ट कार्यकलापों के कारण तेजी से जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खोती जा रही हैं ऐसे में बसपा सभी के लिए उम्मीद बनकर उभरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में जुट जाने की अपील की है।