देवल संवाददाता,मुबारकपुर, आजमगढ़। जनपद के थाना मुबारकपुर पुलिस द्वारा ईंट भट्ठा संचालकों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लेबर उपलब्ध कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले 02 पुरुष अभियुक्त एवं 01 महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से कूटरचित आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक एवं ₹2900/- नगद बरामद किया गया।
दिनांक 19.02.2026 को वादी हरिश्चन्द्र यादव, संचालक प्रमोद ईंट भट्ठा, ग्राम गुजरपार, थाना मुबारकपुर द्वारा सूचना दी गई कि अभियुक्त शाहिद हुसैन व उसके परिवारजनों द्वारा लेबर उपलब्ध कराने के नाम पर ₹4,00,000/- बैंक खातों में तथा ₹5,000/- नगद प्राप्त किए गए, परंतु लेबर उपलब्ध नहीं कराई गई। पैसे की मांग करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। जिसके सम्बन्ध में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0 56/2026 धारा 316(2), 352, 351(3) BNS पंजीकृत किया गया।
इसी प्रकार दिनांक 22.02.2026 को अन्य भट्ठा संचालक द्वारा भी शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया कि अभियुक्तगण द्वारा फर्जी नाम-पते से शपथ पत्र देकर लगभग ₹2,80,000/- की धनराशि बैंक खाते एवं फोनपे के माध्यम से प्राप्त की गई तथा बाद में श्रम विभाग में शिकायत कर लेबर को वापस भिजवा दिया गया। इस संबंध में मु0अ0सं0 63/2026 धारा 316(2), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 352, 351(3) BNS पंजीकृत किया गया।
दिनांक 22.02.2026 को उ0नि0 प्रमोद कुमार यादव मय हमराह टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर भटौरा अंडरपास से 02 पुरुष व 01 महिला अभियुक्ता को समय 07:45 बजे गिरफ्तार किया गया। अन्य अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
पूछताछ में अभियुक्तगण द्वारा स्वीकार किया गया कि वे फर्जी आधार कार्ड बनवाकर ईंट भट्ठा मालिकों से लेबर सप्लाई के नाम पर अग्रिम धनराशि प्राप्त करते थे। बाद में श्रम विभाग में शिकायत कर लेबर को छुड़वा देते थे और प्राप्त धनराशि लेकर फरार हो जाते थे। यही इनका पेशा था।