देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सोनांचल में सोमवार को हर्षोल्लास के साथ समारोह पूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर समेत अन्य इलाकों में राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रभात फेरी निकाली। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी बीएन सिंह, जनपद न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश राम सुलीन सिंह, विकास भवन में सीडीओ जागृति अवस्थी व मुख्य चिकित्साधिकारी परिसर में सीएमओ पंकज कुमार ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया।
कलेक्ट्रेट में डीएम ने राष्ट्रगान के बाद संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण कराने के उपरान्त कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए। इससे पूर्व डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित गांधी उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। बाद डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलायी। समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व से अच्छे विचारों का संचार होता है और नई ऊर्जा मिलती है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप बेहतर कार्य करने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों को निभाने में परोपकार की भावना रखते हुए समाज के वंचित व असहाय व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की नसीहत दी। कहा कि भारत देश का संविधान सबसे बड़ा संविधान है, इस संविधान में समाज के हर वर्ग को समान अधिकार प्राप्त है। इस उन्होंने डीएम ने प्रदेश व केन्द्र सरकार की महत्वांकाक्षी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसी तरह विभिन्न कार्यालयों में संबंधित कार्यालयाध्यक्षों ने प्रातः 8:30 बजे ध्वजारोहण किया। महापुरूषों एवं महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। मौके पर अपर जिलाधिकारी (विरा) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल आदि मौजूद रहे।
.jpeg)