देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत रनटोला में कई वर्षों पूर्व लाखों रूपए की लागत से बनाया गया सामुदायिक शौचालय बेहतर रख-रखाव के अभाव में धूल फांक रहा है। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग से कुछ दूरी पर इस शौचालय का निर्माण कराया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि रनटोला गांव के प्रतिनिधि द्वारा मनमानी कार्य किए जाते है, जिसके कारण आम जनमानस को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नाम न बताने की शर्त पर स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्रतिनिधि द्वारा इसके अलावा भी गांव में कई ऐसे अनैतिक कार्य कराए गए हैं, जो ग्रामीण अथवा आम जनमानस के विपरित है एवं न्याय संगत नहीं है। अगर विधि संगत जांच कराई जाए तो कई ऐसे तथ्य सामने निकलकर आएंगे, जिसमें ब्लाक के कुछ भ्रष्ट अधिकारी एवं गांव के प्रतिनिधि की मिलीभगत से कुछ ऐसे कार्य कराए गए, जिसका गांव की जनता उसका उपयोग अपने या सार्वजनिक रूप से नहीं कर सकती। ग्रामीणो ने बताया कि जिस जगह सामुदायिक शौचालय बनाया गया है, उसका उपयोग न किसी आमजनमानस और न ही गांव के ग्रामीणों द्वारा किया जाता है। गांव के ज्यादातर लोगों ने बताया कि दिए गए समय पर शौचालय नहीं खुलता, गेट पर ताला लटकता रहता है। आरोप है कि शौचालय को जिस जगह पर चिन्हित कर निमार्ण कराया गया है, उसका उपयोग नहीं किया जाता। अगर इसी शौचालय को मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर स्थित यात्री सेड से जोड़कर निमार्ण कराया गया होता तो इसका लाभ उपयोग के रूप मे छोटे बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं जनता के हित में होता।
