देवल संवाददाता, बलिया के जीराबस्ती स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को एसआईआर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
मिश्रा ने एसआईआर प्रक्रिया को लोकतंत्र के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष शुरू से ही इस प्रक्रिया को लेकर नकारात्मक रवैया अपनाए हुए है और वह नहीं चाहता कि देश में शुद्ध मतदाता सूची तैयार हो।
उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश के उन लोगों से संपर्क करेगी जो अन्य राज्यों में काम कर रहे हैं और वहां पंजीकृत हैं। उनसे 2027 के चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश में पंजीकरण कराने का अनुरोध किया जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि कोई उत्तर प्रदेश का निवासी दिल्ली का मतदाता है, तो उससे उत्तर प्रदेश में पंजीकरण कराने का आग्रह किया जाएगा।
एसआईआर अभियान के जिला संयोजक अरुण सिंह बन्टू ने बताया कि पार्टी के प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सौ नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमिताभ उपाध्याय, सुरेन्द्र सिंह, कृष्णा पाण्डेय, नितेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।