देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली पुलिस ने दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाली एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों मिलकर दो दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से एक तमंचा, 42500 रूपए नगद सहित चोरी का सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार दुद्धी कोतवाली पुलिस ने बुधवार को खजुरी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कनहर नदी के पास दाह संस्कार घाट जाने वाले रास्ते पर दो पुरुष व एक महिला संदिग्ध अवस्था में किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं तथा भागने की फिराक में हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के समक्ष तीनों ने अपनी पहचान कमशः राजा कुमार पुत्र राजू राम निवासी वार्ड नं. 01 स्वीपर बस्ती कस्बा दुद्धी, शम्भू राम पुत्र बुद्धन राम निवासी गढ़वा डोमटोली थाना गढ़वा व निशा देवी पत्नी राजू राम निवासी वार्ड नं. 01 स्वीपर बस्ती कस्बा दुद्धी के रूप में दी। पुलिस के अनुसार तीनों के पास से एक तमंचा, कारतूस के अलावा 19 पायल, 29 बिछिया, दो राखी, तीन बैरवा के अलावा 42500 रूपए बरामद किया गया है।
