आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर जफराबाद। क्षेत्र के प्रतिष्ठित हरगोविंद सिंह इंटर कॉलेज की दो छात्राओं ने जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिवहन विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने पर दोनों छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
परिवहन विभाग की ओर से शहर के जनक कुमारी इंटर कॉलेज में आयोजित जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के पालन का संदेश देना रहा।
इस प्रतियोगिता में हरगोविंद सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा शिवानी यादव ने क्विज प्रतियोगिता में तथा रिया मौर्या ने भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर उन्हें परिवहन विभाग की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में एआरटीओ सत्येन्द्र कुमार सिंह एवं यातायात उपनिरीक्षक सुशील मिश्र ने छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करती हैं।
दोनों छात्राओं की सफलता पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इसके उपरांत कॉलेज परिसर में एक अलग से कार्यक्रम आयोजित कर विकास मौर्य, यशवंत कुमार पाल, सैय्यद अब्बास, स्नेहा सिंह सहित अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।