देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने भाकपा (माले) नेताओं के साथ जुलूस निकाल कर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। मांग की कि मनरेगा जैसे ऐतिहासिक योजना को पुराने रुप में बहाल किया जाए। साथ ही सभी ग्रामीण मजदूरों को तीन सौ यूनिट बिजली मुफ्त दी जाए। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा को समाप्त करने की साजिश कर रही है। कहा कि सभी खेत मजदूरों को 200 दिन काम और 600 रुपए प्रतिदिन न्यूनतम गारंटीशुदा मजदूरी दी जाए। 55 वर्ष की उम्र पूरी हो जाने के बाद 10 हजार रुपए मासिक पेंशन के रूप में दिया जाए। इस प्रदर्शन में भाकपा, माकपा, माले के नेताओं सहित खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा के पूर्व जिला सचिव कामरेड रामरक्षा व संचालन माले नेता कामरेड कलीम ने किया।
