देवल संवाददाता,आजमगढ़। जिले के थाना बरदह क्षेत्र में तालाब से मछली चोरी कर बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मछली पकड़ने का जाल और नकद रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बीते 19 जनवरी को वादिनी चन्दन कश्यप पत्नी पवन कश्यप, ग्राम पसिका थाना बरदह जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना स्थानीय पर सूचना दी गई कि उनके पति के नाम से ग्राम पसिका में मत्स्य पालन हेतु एक पोखरी आवंटित है, जिसमें मछलियाँ पाली गई हैं। उनके पति बाहर रहते हैं तथा पोखरी की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही देवदत्त राय पुत्र स्व. माता प्रसाद राय को दी गई है।
18 जनवरी को में ढाई बजे गांव के ही अजय सरोज पुत्र नन्दलाल सरोज एवं सुरज सरोज पुत्र विनोद सरोज द्वारा जाल लगाकर मछली निकाली जा रही थी। आरोप है कि उक्त दोनों अभियुक्त पूर्व में भी कई बार मछली चोरी कर चुके थे, जिसकी शिकायत काफी समय से की जा रही थी। इस सूचना के आधार पर थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया।
मंगलवार को उपनिरीक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव द्वारा हमराह पुलिस बल के साथ मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अभियुक्त अजय सरोज एवं सुरज सरोज को ग्राम बकेश से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से मछली पकड़ने का जाल तथा एक हज़र रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।