देवल संवाददाता, अतरौलिया/आजमगढ़। पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय माया प्रसाद यादव की 22वीं पुण्यतिथि को समाजवादी पार्टी कार्यालय अतरौलिया में स्मृति दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव तथा स्व. माया प्रसाद यादव के पुत्र एवं वर्तमान ब्लॉक प्रमुख चन्द्रशेखर यादव ने खंड विकास कार्यालय परिसर में स्थापित स्व. माया प्रसाद यादव की आदमकद कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्मृति दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सपा महासचिव बलराम यादव ने अपने बचपन के मित्र स्व. माया प्रसाद यादव को याद करते हुए कहा कि वे भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी नीतियां और रीतियां आज भी हम सभी का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि माया प्रसाद यादव कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख माया प्रसाद यादव ने अपने पूरे जीवनकाल में कभी राजनीति को हथियार नहीं बनाया। उनका संपूर्ण जीवन समाजवादी पार्टी को समर्पित रहा। उन्होंने कभी भी अपने उसूलों से समझौता नहीं किया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि हम लोगों का बचपन उनकी गोद में बीता है। आज उनकी कमी हम सभी को बहुत सताती है। उन्होंने अपने जीवन में कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा गरीब-दुखियों के दरवाजे पर खड़े रहने का काम किया। आज हम सभी उन्हीं के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख चन्द्रशेखर यादव ने कहा कि उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि राजनीतिक जीवन में जनता के सुख को अपना सुख और जनता के दुख को अपना दुख समझना चाहिए तथा कभी भी झूठे वादे नहीं करने चाहिए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पिता का साथ उन्हें बहुत कम समय के लिए मिला, लेकिन उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में विधायक दुर्गा यादव, त्रिभुवन दत्त, विधान परिषद सदस्य विशाल वर्मा, बेचई सरोज, अखिलेश यादव, सीमा यादव, पूजा सरोज, जगदीश पांडेय, सुभाष चंद्र जायसवाल, कन्हैया गौड़, के.के. यादव, देवेंद्र उर्फ देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।