देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान जानलेवा हमला करने और पुलिस टीम पर पथराव कर उपद्रव फैलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पांच नवंबर 2025 को ग्राम गंधुवई में मारपीट की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस द्वारा झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया जा रहा था, तभी अभियुक्तों और उनके अन्य अज्ञात साथियों ने एकराय होकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस बल व आसपास खड़ी गाड़ियों पर जान से मारने की नीयत से पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना के संबंध में थाना निजामाबाद पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें अब तक 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में रविवार को थाना निजामाबाद पुलिस ने मुकदमे में वांछित अभियुक्त शाहिद पुत्र स्वर्गीय सत्तार, निवासी ग्राम गंधुवई को गंधुवई नहर के पास से गिरफ्तार किया। अभियुक्त को विधिक प्रावधानों से अवगत कराते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया।