देवल संवाददाता,आजमगढ़। जिले के थाना जीयनपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में वांछित पति को गिरफ्तार किया है। इस मामले में विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हुई थी। मृतका के भाई की तहरीर के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
यह मामला 12 नवंबर 2025 का है, जब थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर निवासी वादी ने थाना जीयनपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन की शादी वर्ष 2018 में संदीप पाठक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।
लगातार प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने 3 नवंबर 2025 को आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 11 नवंबर 2025 को उसकी मौत हो गई।
विवेचना के दौरान आरोपी संदीप पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय निवासी सिकरौरा, थाना जीयनपुर, वांछित चल रहा था।मंगलवार को उप निरीक्षक अमित कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को कंजरा मोड़ से सुबह गिरफ्तार कर लिया।