आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत (जौनपुर)।महाराष्ट्र के बारामती में हुए एक निजी चार्टर्ड विमान हादसे में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के केराकत क्षेत्र अंतर्गत भैंसा गांव की रहने वाली पिंकी माली की दर्दनाक मौत हो गई। पिंकी माली निजी चार्टर्ड विमान Learjet-45 में क्रू सदस्य/फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में तैनात थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह निजी विमान मंगलवार की सुबह लगभग 8:50 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव, दो पायलट कैप्टन सुमित कपूर एवं कैप्टन शाभवी पाठक के साथ फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली सवार थीं। इस दुर्घटना में पिंकी माली सहित विमान में मौजूद अन्य लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है।
पिंकी माली की मौत की खबर जैसे ही भैंसा गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ है। पिंकी के असमय निधन से गांव ने अपनी होनहार बेटी को खो दिया है, जिस पर हर आंख नम है।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार हादसे का संभावित कारण घना कोहरा, कम दृश्यता और तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस हादसे ने न केवल एक परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है, बल्कि जौनपुर जनपद को भी शोक में डुबो दिया है।